हापुड़। हापुड़ को जिला बने आज 15 साल हो गए हैं। हापुड़ को जिला बनाने के लिए अमर उजाला के साथ स्थानीय लोगों ने लंबा आंदोलन किया था, लेकिन सवाल यह है कि जिले का जिन उद्देश्यों के लिए सृजन किया गया, क्या वे फलीभूत हो पाए ? हालांकि, 15 सालों में जिले ने काफी कुछ हासिल किया है। एक्सप्रेसवे, हाईवे और दूसरे मामलों में सुधार हुए हैं, लेकिन अभी भी जिले की सीमाओं का विस्तार और गंगा नगरी का हरिद्वार की तर्ज पर विकास जैसा मुद्दा ठंडे बस्ते में पड़ा है।
प्रदेश की तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने आज ही के दिन रामलीला मैदान में गाजियाबाद से अलग कर हापुड़ को पंचशीलनगर का नया नाम देकर जिला घोषित किया था। बाद में सरकार बदली तो फिर इसका नाम बदलकर हापुड़ कर दिया गया। तभी से ही जिले के विकास को पंख लग जाने चाहिए थे, लेकिन बजट की कमी और सरकारी मशीनरी की सुस्ती के कारण जिला धीमी गति से आगे बढ़ा। आज भी कई सरकारी कार्यालय किराए के भवनों में चल रहे हैं। कई बड़ी परियोजनाएं बजट के अभाव में कछुआ गति से चल रही हैं।
सड़कों के मामले में हुआ बड़ा बदलाव
जिला बनने के बाद जाम नगर के नाम से प्रसिद्ध हापुड़ को सड़कों के निर्माण से बड़ी राहत मिली है। चारों तरफ हाईवे बनने से यातायात व्यवस्था कुछ बेहतर हुई है। अब गंगा एक्सप्रेसवे और गढ़-मेरठ हाईवे का निर्माण भी अपने अंतिम चरण में है। इसके साथ जिला जेल, पुलिस लाइन और जिला स्टेडियम जैसी बड़ी योजनाओं पर काम चल रहा है।
सीमा विस्तार हो तो अन्य योजनाएं पकड़े रफ्तार
वर्तमान में हापुड़ जिले का कुल क्षेत्रफल 1,11,763 हेक्टेयर है, जबकि पड़ोसी जिले का क्षेत्रफल इससे तीन गुना से भी अधिक 3,64,974 हेक्टेयर है। ऐसे में इसका विस्तार मेरठ और बुलंदशहर जिले में करने की मांग भी तभी से उठ रही है। बुलंदशहर के स्याना तहसील के गांव और मेरठ का धीरखेड़ा और खरखौदा क्षेत्र इसमें जुड़ता है तो जिला अपने आप में परिपूर्ण होगा।
जिले के विकास के लिए इसका सीमा विस्तार बहुत जरूरी है। मेरठ का धीरखेड़ा हापुड़ के उद्यमियों का कार्यक्षेत्र रहा है। क्षेत्रफल की दृष्टि से हापुड़ में बड़े बदलाव की आवश्यकता है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी इससे सहमत हैं। ऐसे में इस दिशा में सकारात्मक प्रयास की आवश्यकता है। - डॉ. एसके कौशिक, संयोजक, हापुड़ जिला बनाओ समिति।-फोटो-31
हापुड़ जिले के विकास के लिए हर संभव कार्य सकारात्मक रूप से किए जा रहे हैं। हर क्षेत्र में हापुड़ जिला को आगे ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में नए उद्योगों को स्थापित करने के में काफी हद तक सफलता भी प्राप्त हुई है। जिले की सीमा विस्तार के संबंध में पूर्व में जो भी बाधाएं रही हैं, उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा। - अभिषेक पांडेय, डीएम हापुड़।-फोटो-32
जनपद को अभी इनकी आवश्यकता
- जिला न्यायालय
- उपसंभागीय कार्यालय
- आश्रम पद्यति विद्यालय
- जिला जेल
- पुलिस लाइन
- जिला स्टेडियम
-राजकीय कन्या महाविद्यालय
एक नजर में जिला हापुड़
तहसील-3
ब्लॉक -4
थाने-11
ग्राम पंचायत-273
क्षेत्र -1,11,763 हेक्टेयर
आबादी- 14,18,000