कार ने बाइक को कई मीटर तक घसीटा
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम कुचेसर रोड चौपला से मोहम्मदपुर आजमपुर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। तेज रफ्तार कार किसी वाहन को ओवरटेक कर रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार ने बाइक को कई मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए आगे निकल गया। जबकि कार और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
परिजनों ने सड़क पर शव रख लगाया जाम
इस हादसे में सिंभावली थाना क्षेत्र के माधापुर निवासी टेकचंद (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वे खेती व मजदूरी करते थे। वहीं, बाइक पर सवार उनकी समधन (बेटे की सास) देवेंद्री निवासी भमेठा, गाजियाबाद और देवेंद्री का बेटा यश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आक्रोशित होकर शव को मौके से उठने नहीं दिया और कुचेसर रोड चौपला-किठौर मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दिया। देर शाम तक परिजनों का हंगामा जारी था। इस दौरान भारी पुलिसबल परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा था।