हापुड़। जिले के परिषदीय विद्यालयों में 17 नवंबर से कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। परीक्षाएं 21 नवंबर तक चलेंगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षाएं कराई जाएंगी। विद्यालयों में प्रश्नपत्र पहुंचाने और परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
जिले में कुल 498 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब 54 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। परीक्षा को लेकर विद्यालयों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा में कक्षा एक के विद्यार्थियों का सभी विषयों में मौखिक मूल्यांकन किया जाएगा। कक्षा दो और तीन में लिखित व मौखिक परीक्षा का 50-50 प्रतिशत आधार पर मूल्यांकन होगा। वहीं, कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा का भारांक 70 प्रतिशत और मौखिक परीक्षा का 30 प्रतिशत रहेगा। परीक्षा कुल 50 अंकों की होगी। इसमें 10 अंक के बहुविकल्पीय, 10 अंक के अति लघु उत्तरीय, 20 अंक के लघु उत्तरीय और 10 अंक के दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों का प्रकाशन जिला स्तर पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कराया गया है। प्रश्नपत्रों को विद्यालयों में गोपनीय तरीके से सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में भी निर्धारित समय सारिणी के अनुसार परीक्षाएं आयोजित होंगी।
बीएसए दीपा भाटी ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।