हापुड़। यूपी बोर्ड के 12वीं की परीक्षा बुधवार को जिले के 40 केंद्रों पर संपन्न हुई। इतिहास की परीक्षा में हड़प्पा सभ्यता और मुगल साम्राज्य के जटिल प्रश्नों ने छात्रों को काफी छकाया। वहीं, प्रश्नों के लंबे उत्तरों के कारण परीक्षा का निर्धारित समय भी कम पड़ गया। दोनों पालियों में 56 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी, अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्था परखी।
सुबह की पाली में 12वीं उर्दू, गुजराती, पंजाबी, बंगला, मराठी, असमी आदि विषयों की परीक्षा हुई। इसमें 156 छात्र पंजीकृत थे, जिसमें 153 उपस्थित रहे, तीन छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में 12वीं के इतिहास की परीक्षा हुई। इसमें 2038 छात्र पंजीकृत थे, जिसमें 1985 उपस्थित हुए, 53 ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा देकर बाहर आए छात्रों ने बताया कि इतिहास की परीक्षा में हड़प्पा सभ्यता, बंधुत्व जाति तथा वर्ग आरंभिक समाज, सांस्कृतिक विकास, धार्मिक विश्वासों में बदलाव और श्रद्धा ग्रंथ, कृषि समाज और मुगल साम्राज्य, विद्रोही और राज आदि से जुड़े प्रश्न आए। जिनके उत्तर काफी लंबे रहे। छात्रों ने बताया कि पेपर पाठ्यक्रम से था, लेकिन लंबे प्रश्नों को हल करने में परेशानी हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ.विनीता ने बताया कि दोनों पालियों में पेपर शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। निरीक्षण कर, केंद्रों पर व्यवस्था का जायजा लिया।