गढ़मुक्तेश्वर। स्याना चौपला पर गेस्ट हाउस संचालक की मौत के मामले में नया मौड़ आ गया है। मृतक की पत्नी ने अब पति की स्वाभाविक मौत बताई है। हालांकि गेस्ट हाउस के मैनेजर के साथ मारपीट होने का दावा किया है। पुलिस ने महिला द्वारा दिए गए शपथपत्र के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला घोसियान निवासी साधना शर्मा ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उल्लेख किया था कि उसके उनके पति संदीप शर्मा उर्फ विशु का नगर के स्याना चौपला पर गेस्ट हाउस है। बुधवार की रात जनपद मेरठ के किठौर निवासी आमिर और महताब अली गलत इरादे से गेस्ट हाउस में घुस गए और गैलरी में घूमने लगे। जिन्हें वहां से जाने के लिए कहने पर दोनों ने मैनेजर कुलदीप को पीटा। सूचना पर पहुंचे उसके पति की भी आरोपियों ने पिटाई की। जिस कारण उनकी मौत हो गई। महिला की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर हत्या व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन, शनिवार को महिला ने शपथपत्र देकर पति की मौत स्वाभाविक होना बताया है, जबकि मैनेजर के साथ पिटाई होने का दावा किया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी ने पति की मौत स्वाभाविक होने की बात कहकर शपथ पत्र दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। अभी मामले की जांच की जा रही है, जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।