गेहूं पर आयात शुल्क समाप्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को रालोद कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही नोटबंदी से किसानों को हो रही परेशानी पर भी कार्यकर्ताओं ने रोष जताते हुए एडीएम को ज्ञापन दिया।
कहा कि केंद्र सरकार देश के लोगों के साथ धोखा कर रही है। प्रदर्शनकारी रालोद जिलाध्यक्ष शिवकुमार त्यागी ने कहा कि हमारे देश में पर्याप्त मात्रा में गेहूं का उत्पादन होता है। केंद्र सरकार ने खुद के फायदे के लिए गेहूं के आयात पर लगने वाले शुल्क को समाप्त कर दिया है।
युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गौरव प्रताप ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है। नोटबंदी का फैसला जल्दबाजी में लेकर किसानों को आर्थिक संकट में डाल दिया गया है। मजदूर अपना काम काज छोड़कर बैंकों के बाहर लाइन में लग रहे हैं।
वरिष्ठ नेता डॉ. एसपी सिंह और वरिष्ठ नेता सोनी सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार देशवासियों के साथ धोखा कर रही है। चुनाव से पहले प्रधानमंत्री ने किसानों से उनकी फसल का उचित दाम दिलाने का आश्वासन दिया था लेकिन उचित दाम तो दूर लागत निकाल पाना भी मुश्किल हो गया है।
केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर कार्यकर्ताओं ने जल्द राहत नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करने वालों में जिला महासचिव कपिल यादव, रामनाथ सिंह, ओमपाल सिंह, सूबेदार सिंह, प्रोफेसर अब्बास अली, नानक चंद शर्मा, रवींद्र प्रधान, मंटू, नितिन बाना, विजय त्यागी, बालिस्टर त्यागी, मूलचंद त्यागी, लाला त्यागी आदि मौजूद रहे।