गांव हाजीपुर में चोरों ने लगाया नलकूप के कमरे में नकब। संवाद
सिंभावली। गांव हाजीपुर में चोरों ने एक निर्माणाधीन डेयरी और तीन नलकूपों को निशाना बनाया। शुक्रवार सुबह किसानों और डेयरी संचालक को मौके पर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है।
गांव निवासी अरविंद रावल की निर्माणाधीन डेयरी से स्ट्रीट लाइट, ग्राइंडर सिलिंडर और अन्य सामान चोरी हुआ। चोरों ने मोटर खोलने का प्रयास किया, पर एल्युमिनियम तार होने से उसे छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने जंगल क्षेत्र में लगे नलकूपों को भी निशाना बनाया। किसान तेजिंदर सिंह के ट्यूबवेल पर चोरी का प्रयास किया गया। भिक्कन और सरकारी नलकूपों से स्टार्टर और बिजली के तार चुरा लिए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी से भय का माहौल है। किसानों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश जारी है। संवाद