विद्युत निगम की ओर से शहर के खंभों को जल्द ही जीआईएस (जियोग्राफिकल इंफोरमेशन सिस्टम) से जोड़ा जाएगा। खंभों पर लगने वाले इस सिस्टम के जरिए हर खंभे पर बिजली की स्थिति की लखनऊ स्थित कंट्रोल से ही मॉनीटरिंग की जा सकेगी।
नई तकनीक से बिजली चोरी और ओवर लोड जैसी समस्या से भी निजात मिल सकेगी। हापुड़ शहर में बिजली चोरी और फाल्ट एक मुख्य समस्या है। आए दिन उपभोक्ता इसे लेकर परेशान रहते हैं, लेकिन शहर के उपभोक्ताओं इस समस्या से कुछ हद तक राहत मिल सकेगी।
जल्द ही शहर के खंभों को जीआईएस से जोड़ा जाएगा। इस सिस्टम के अनुसार हर खंभे पर एक ऐसा उपकरण लगाया जाएगा। हर खंभे पर उसका कोड, सब स्टेशन कोड व इस पर कनेक्शन की जानकारी अंकित होगी। इसके आधार पर लखनऊ कंट्रोल से बैठकर मॉनीटरिंग हो सकेगी।
नए सिस्टम से खंभे से जुड़े कनेक्शन की संख्या और वास्तविक लोड की जानकारी हासिल हो सकेगी। ऐसी स्थिति में लखनऊ कंट्रोल से ही बिजली चोरी या फाल्ट की स्थिति की मॉनीटरिंग की जा सकेगी। यह सिस्टम लगाने के लिए निजी कंपनी को जल्द ही ठेका दिया जाएगा।
इस संबंध में अधीक्षण अभियंता भूदेव प्रसाद का कहना है कि जीआईएस के लिए जल्द ही सर्वे शुरू किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी। विद्युत कर्मचारियों के लिए भी यह सिस्टम बेहतर साबित होगा।