सिंभावली। वसंत पंचमी पर ससुराल से अपने गांव लौट रहे युवक की छह साल की बेटी चीन के मांझे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। इसका स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया है। प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र में चीन का मांझा खुले आम बिक रहा है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव कस्तला निवासी सोनू रविवार को गढ़ नगर में स्थित अपनी ससुराल गए थे। शाम को अपनी छह साल की बच्ची दिव्या के साथ वापस कस्तला जा रहे थे। दिव्या बाइक की पेट्रोल टंकी पर बैठी थी। क्षेत्र में पुराने हाईवे पर रेलवे रोड के सामने अचानक बच्ची के गले में चीन के मांझे की डोर लिपट गई। इससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
सोनू ने किसी तरह बाइक को गिरने से बचाया। बच्ची की गर्दन से मांझा हटाकर उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उपचार कर बच्ची की जान बचाई।