रक्षाबंधन पर मिलावटी घेवर खाने से महिला-बच्चों समेत 6 लोगों की हालत बिगड़ गई। सूचना के बाद भी खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोई कार्रवाई नहीं की। लठीरा गांव का सोहन चौपला के हलवाई की दुकान से घेवर खरीदकर घर को लाया था।
बेटियों ने राखी बांधकर भाइयों और पिता को घेवर खिला दिया। इसके बाद सोहन, उसके बेटों अंकित, सौरभ, पत्नी जयपाली और बेटी के बच्चों सुनील और बबली को उल्टी-दस्त होने लगी।
पड़ोसियों की मदद से सभी को निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर ग्रामीण उन्हें अमरोहा के गजरौला के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। सूचना के बाद भी खाद्य सुरक्षा और सेहत महकमे ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इस त्योहारी सीजन में अब तक खाद्य सुरक्षा विभाग दुकानों से कोई सैंपल नहीं लिया है। किसान नेता दिनेश खेड़ा, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला प्रभारी ठाकुर सतबीर, पूर्व प्रिंसिपल चौधरी रामनाथ सिंह का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है।
सूचना के बाद भी अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। सीएमओ डॉ.एके सिंह का कहना है कि इस विषय में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। विभागीय जांच कराकर हलवाइयों की दुकान से नमूने लिए जाएंगे।
एसडीएम शमशाद हुसैन का कहना है कि रक्षा बंधन के मौके पर मिलावटी घेवर की बिक्री फूड प्वाइजनिंग का मामला बेहद गंभीर बात है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम से जांच कराई जाएगी।