दूध का कैंटर व नकदी चोरी में पांच लोग गिरफ्तार
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला के पास से छह और सात नवंबर को चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया दूध का कैंटर और दूसरी वारदात में चोरी नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला निवासी अनिल दूध का कैंटर चलाता है। सात नवंबर की रात वह जनपद अमरोहा के गजरौला से दूध का कैंटर लेकर दिल्ली मदर डेयरी जा रहा था। कुचेसर रोड चौपला से उसका कैंटर चोरी हो गया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। सोमवार सुबह थाना बाबूगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि गांव उदयपुर के जंगल में चोरी के कैंटर के साथ तीन आरोपी मौजूद हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान कुचेसर चौपला निवासी अभिषेक उर्फ अनमोल, गांव मुबारिकपुर निवासी प्रदीप उर्फ छोटू व अंकुर के रूप में हुई।
इसके अलावा थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में एनएच-9 स्थित एक ढाबे के पास छह नवंबर को कपड़ा व्यापारी बिजनौर के थाना अफजलगढ़ के मोहल्ला मुमताज हुसैन निवासी तीन भाई उबैद, जुनैद व जिशान की कार का शीशा तोड़कर 1.40 लाख रुपये चोरी कर लिए थे। लालच में आकर कपड़ा व्यापारी के कार चालक ने साथी संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। थाना अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव सोवा वाला निवासी आदिल बतौर चालक है। तीनों भाई सप्ताह में एक बार दिल्ली के एक बजार से कपड़ा खरीदने आते हैं। छह नवंबर को तीनों भाई चालक आदिल के साथ कार में सवार होकर कपड़ा खरीदने दिल्ली जा रहे थे। ढाबे पर चाय पीने के लिए आदिल ने गाड़ी रोक दी थी। तभी आदिल ने अपने साथी थाना अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव सोवा वाला निवासी आफताब के साथ कार का शीशा तोड़कर सीट के नीचे रखे 1.40 लाख रुपये साफ कर दिए। पुलिस ने आदिल व आफताब को दिल्ली के भजनपुरा स्थित उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया है। आफताब भजनपुरा स्थित एक मकान में किराए पर रह रहा है। दोनों आरोपियों से चोरी किए 1.23 लाख रुपये बरामद कर लिए है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।