गढ़मुक्तेश्वर। शनिवार को पालिका सभागार में हुई बोर्ड बैठक में छह सभासदों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने पालिका चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी भी की। वहीं बाकी 19 सभासदों ने एजेंडा में शामिल सभी 37 बिंदुओं पर अपनी सहमति जताते हुए प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। गुस्साए सभासदों ने बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर डीएम को शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की।
सुबह करीब 11 बजे पालिका बोर्ड की बैठक शुरू हुई, जिसमें कुछ बिंदुओं पर चर्चा होने के बाद ही सभासद विनय कुमार, अंकित कंसल, लक्ष्मी यादव, अरुण गौड़, इकरामुद्दीन और प्रदीप कुमार ने हंगामा करना शुरू कर दिया। जिन्हें शांत कराने का चेयरमैन राकेश कुमार बजरंगी और अन्य सभासदों ने प्रयास किया, लेकिन छह सभासद हंगामा और नारेबाजी करते रहे। इसी हंगामे के दौरान बाकी सभासदों ने एजेंडे के प्रस्तावों पर सहमति जता दी। हंगामा करने के बाद छह सभासद तहसील सभागार में चल रहे संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। जहां उन्होंने डीएम को शिकायती पत्र देते हुए बोर्ड बैठक में बिना वार्ता किए प्रस्तावों का अनुमोदन करने की शिकायत की। इसके अलावा उनके वार्डों में विकास कार्यों की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। वहीं, नगर पालिका चेयरमैन राकेश कुमार बजरंगी ने बताया कि उनपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। कुछ सभासद अपने स्वार्थ के लिए पालिका क्षेत्र के विकास को अवरूद्ध करने की कोशिश कर रहे हैं। जिस कारण राजनीति से प्रेरित होकर आरोप लगाए गए हैं। एक तिहाई से भी अधिक बहुमत से पालिका बोर्ड बैठक के प्रस्ताव पारित हुए हैं। नगरपालिका क्षेत्र का समुचित विकास कराना ही प्राथमिकता है।
बैठक में ये प्रस्ताव हुए पास
- आगामी वित्त वर्ष में मेला आदि अवसरों पर गंगा में मोटरबोट, नाव, गंगा में जैट्टी एवं अस्थायी बैरिकेडिंग, मुख्य रास्तों पर बेरिकेडिंग, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था के लिए बजट।
- कान्हा गौशाला में पशुओं के लिए भूसा, चारा व अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए बजट का अनुमोदन।
- पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाने के लिए व्यवस्था। क्लोरीनेशन के लिए द्रवित क्लोरीन की खरीद।
- ब्रजघाट के अलावा अन्य स्थानों पर पार्किंग स्टैंड ठेका छोड़ने का अनुमोदन।
- ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले को प्रांतीय मेला घोषित कराने के लिए शासन को पत्र भेजने पर स्वीकृति।
- नगरपालिका की एलएमसी भूमि का सर्वे कराकर चहारदीवारी कराने का अनुमोदन।
- ब्रजघाट पर पक्के घाटों पर कई वर्षों से जमा रेत/सिल्ट की सफाई / हटवाया जाना।
- गंगानगरी में पीटी जैड कैमरे लगवाने और उनके रख-रखाव का अनुबंध।
- पालतू गायों को छोडऩे वालों पर जुर्माना लगेगा।
- किसान कल्याण केंद्र के लिए उप कृषि विभाग को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।
भूतेश्वर प्रसाद शर्मा