गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-मेरठ मार्ग इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन बारिश के कारण सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। मार्ग से गुजरने वाले स्थानीय निवासी और राहगीर परेशान हैं। कांवड़ यात्रा से पहले सभी प्रमुख मार्गों की मरम्मत कराई गई थी। इसमें गढ़-मेरठ मार्ग भी शामिल था। कांवड़ यात्रा को अभी एक माह का समय ही हुआ है, लेकिन अब यह सड़क टूट गई है। भाकियू संघर्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरनजीत गुर्जर का कहना है कि गढ़-मेरठ की जर्जर सड़क कई राहगीरों की जान ले चुकी है, लेकिन इसके बाद भी तहसील प्रशासन और संबंधित विभाग स्थाई समाधान नहीं कर रहा है। अगर जल्द ही समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो इस बार आंदोलन किया जाएगा। एसडीएम श्रीराम सिंह ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को पत्राचार कर शीघ्र ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।