गढ़मुक्तेश्वर। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत यूपी में चलाई जा रहीं 112 परियोजनाओं के तहत गढ़-ब्रजघाट से जुड़ीं विकास योजनाओं का बृहस्पतिवार को मनोरंजन कर मंत्री ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मोक्ष दायिनी को साफ सुथरा रखने की अपील की।
मोक्ष दायिनी गंगा की जलधारा को फिर से निर्मल और अविरल बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने नमामि गंगे परियोजना चलाई हुई है, जिसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर कुल 231 परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना है। जिनमें गढ़-ब्रजघाट समेत यूपी से जुड़े विभिन्न जनपदों में 112 परियोजना लागू होनी हैं।
जिसके तहत ब्रजघाट गंगानगरी में लागू होने वाली योजनाओं का शुभारंभ प्रदेश के मनोरंजन कर मंत्री मदन चौहान ने शिलापट का अनावरण और दीप प्रज्जवलित कर किया। मंत्री ने बताया कि परियोजना के तहत ब्रजघाट गंगानगरी में मुख्य रूप से स्नान घाटों का नवीनीकरण, सीवेज ट्रीटमेेंट प्लांट पुनर्वास एवं विकास, शवदाह गृहों का आधुनिकरण पौधरोपण और जैव विविधता जैसी योजना शामिल हैं।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि परियोजना के धरातल पर उतरने से मोक्ष दायिनी गंगा को प्रदूषण से मुक्ति मिलनी संभव हो जाएगी। अध्यक्षता नमामि गंगे समिति जिला संयोजक अशोक शर्मा और संचालन कपिल नागर ने किया।
डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय, डीपीआरओ कमल किशोर, परियोजना निदेशक प्रमोद कुमार, जिला कंसल्टेंट पंचायत राज अनिल कुमार, कंस्ट्रक्शन कंपनी प्रबंधक अख्त्यिार अली, इंस्पेक्टर समरजीत सिंह, सपा विधानसभा क्षेत्राध्यक्ष फारूख प्रधान, भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरिराज सिंह, ब्लॉक प्रमुख पति रवि यादव, रुपेश पंडित, पालिका जेई एसपी मौर्य, गंगा आरती समिति प्रबंधक अशोक नागर, नरेश शर्मा, गंगा समग्र जिला संयोजक डॉ. अविनाश शर्मा, पालिका सदस्य रमन शर्मा, संजय सूद, देवीदास कश्यप, भाजपा नेता विनय त्यागी, रोहित मल्होत्रा, तारा केवट, अंशुल बंसल समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।