ब्रजघाट। ज्येष्ठ गंगा दशहरा से पहले तेजी से बढ़ोतरी के बाद अब एक बार फिर गंगानगरी में गंगा के जलस्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है। जलस्तर कम होने से जेट्टी बैरिकेडिंग और मुख्य घाट पर पानी काफी कम हो गया है। जिससे रूके पानी में दुर्गंध आने लगी है। तीर्थ पुरोहितों ने नाराजगी जताते हुए अतिरिक्त जल छोड़े जाने की मांग की है।
गंगा दशहरा पर्व पर प्रशासनिक स्तर से अतिरिक्त जल छुड़वाया गया था, लेकिन मेला संपन्न होते ही जल रोक दिया गया। जिससे गढ़-ब्रजघाट क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में काफी गिरावट हो गई है। स्नानघाटों पर बैरिकेडिंग के पास स्नान करने जितना भी जल नहीं है। इससे स्नानार्थियों के सामने विषम परिस्थिति खड़ी हो गई हैं। उन्हें जेट्टी और अस्थायी बैरिकेडिंग पार कर स्नान करना पड़ रहा है। जो सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी सूरत में उचित नहीं है। वहीं, जल कम होने से जैट्टी के पास के क्षेत्र में पानी रूक गया है और सड़न होने लगी है।
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर भी होगी परेशानी
तीर्थ पुरोहित राजकुमार लालू ने बताया कि बुधवार को ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा का पर्व भी है, जिसमें लाखों श्रद्धालु गंगानगरी पहुंचेंगे। जलस्तर कम होने और दुर्गंध आने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होगी। इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए अतिरिक्त जल जल्द छुड़वाया जाना चाहिए।
वर्जन
उच्चाधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही बिजनौर बैराज से अतिरिक्त जल छुड़वाया जाएगा। श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - अंकित कुमार वर्मा, एसडीएम