हापुड़। गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रायल से पहले वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसे और स्टंट आदि की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कंपनी को इसके सभी उतार चढ़ाव को बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पुलिस को भी निगरानी करने के आदेश दिए हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे पर हाल ही में संभल में भीषण हादसा हुआ था। इसमें कार और मिनी ट्रक की टक्कर से तीन महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई थी। इसके अलावा बरेली, हापुड़ और बुलंदशहर में भी कई हादसे हुए हैं जिसमें लोगों ने अपनी जान गंवाई है। इसके अलावा हाईवे पर स्टंट करने के मामले भी प्रकाश में आए हैं। हाल ही में सिंभावली क्षेत्र में बरातियों ने दूल्हे के साथ कार पर चढ़कर स्टंट किया था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने 34,500 रुपये का चालान भी किया था।
ट्रायल से पहले एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं और स्टंट के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने ट्रायल से पहले एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही बंद करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जब तक इस पर ट्रायल की तिथि निर्धारित नहीं की जाती तब तक सभी उतार और चढ़ाव को बंद कर दिया जाए। मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद कार्यदायी संस्था ने इस पर अमल करना शुरू कर दिया है। (संवाद)
कोट -
निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं को देखते हुए सीएम कार्यालय से ही संज्ञान लिया गया है। ऐसे में सभी उतार चढ़ाव को बंद किया जा रहा है। इसके अलावा ट्रायल से पहले एक्सप्रेसवे पर वाहनों का संचालन न हो, इसके लिए पुलिस से भी मदद मांगी गई है। - नारायण गुप्ता, जीएम गंगा एक्सप्रेसवे।
हाल ही में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए बड़े हादसे
20 सितंबर-बदांयू में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो सराफा दोस्तों की मौत
27 नवंबर -कार और मिनी ट्रक की भिड़ंत में तीन महिलाओं और तीन बच्चों की मौत
21 नवंबर-हापुड़ के बक्सर निवासी दो दोस्तों की बुलंदशहर में डंपर की टक्कर से हुई मौत
13 दिसंबर-शाहजहांपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
10 दिसंबर- हापुड़ के सिंभावली में कार से खतरनाक स्टंट के बाद पुलिस ने किया 34,500 का चालान।