हापुड़। धौलाना स्थित डिलीवरी कंपनी की फ्रेंचाइजी के मालिक, राइडर व सहयोगी पर धोखाधड़ी से 7.32 लाख रुपये की हेराफेरी करने का आरोप लगा है। लखनऊ स्थित शैडोफैक्स टेक्नोलॉजी कंपनी के प्रबंधक ने मामले में एसपी से शिकायत की है। एसपी के आदेश पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
लखनऊ के आलमबाग गोपालपुरी निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान में वह शैडोफैक्स टेक्नोलॉजी कंपनी में प्रबंधक हैं। उनकी कंपनी एक नामचीन कंपनी से सामान की डिलीवरी करती है। कुछ दिन पहले कंपनी की एक फ्रेंचाइजी थाना धौलाना क्षेत्र के गुलावठी मसूरी मार्ग पर विवेक कुमार को दी गई थी। आरोप है कि विवेक कुमार ने मार्च व अप्रैल में फर्जी तरीके से सामान की वापसी का ब्योरा दिया।
जबकि डिलीवरी के दौरान सामान पसंद न आने पर या कोई गड़बड़ी होने पर ग्राहक द्वारा उस सामान को वापस करने के लिए कंपनी की एप पर वापसी सहमति करनी होती है। उनकी कंपनी के पास शिपमेंट (लदान) को वापस लेने की प्रार्थना आती है। उन्होंने बताया कि विवेक ने सामान को फर्जी ढंग से वापस लिया। इस कारण उनकी कंपनी को कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें अभी तक उन्हें 7.32 लाख की डिटेल प्राप्त हुई है। जोकि ग्राहकों को वापसी हो चुका है और बाकी का अभी के लिए रोक दिया गया है। उनकी जांच में विवेक कुमार, राइडर सौरभ राणा व सहयोगी चंद्रवीर सिंह दोषी पाए गए हैं।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश पर विवेक कुमार, सौरभ राणा व चंद्रवीर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।