हापुड़। सराफ कारोबारी ने बंधेल के गहनों का कारोबार करने वाले व्यापारी पर 2086 ग्राम सोना हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सराफा बाजार निवासी कुश गोयल ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी गोयल जूलर्स के नाम से गंगा मार्केट सराफा बाजार में दुकान है। छज्जूपुरा निवासी प्रमोद कंसल उनके नियमित ग्राहक रहे हैं। प्रमोद कंसल बंधेल के गहने बनवाते थे।उनका पुत्र आकाश कंसल भी अपने पिता के साथ व्यापार करता था। वर्तमान में प्रमोद कंसल का देहांत हो चुका है। प्रमोद कंसल के समय और उनके बाद का आकाश पर 2086 ग्राम सोना बाकी चला आ रहा है।
आरोप है कि बार बार तकादा करने पर वह बहकाता रहा। आकाश कंसल की माता विनीता भी यह कहती रहीं कि धीरे-धीरे तुम्हारा सोना या इसके बदले में तुम्हारे पैसे दे देंगे। लेकिन सख्ती से तकादा करने पर आरोपी अभद्रता और झूठे मुकदमे में फंसवाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि सोने की कीमत करीब दो करोड़ से अधिक है। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।