हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव हाफिजपुर निवासी जितेंद्र सिंह के फोन पर साइबर ठगों ने एक एपीके फाइल भेज ऑटो डाउनलोड कर उनका फोन हैक कर लिया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके खाते से 6.34 लाख रुपये उड़ लिए।
जितेंद्र सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके फोन पर एक एपीके फाइल आई और अपने आप ऑटो डाउनलोड हो गई। इसके बाद उनके फोन ने काम करना बंद कर दिया। 12 जनवरी को साइबर ठगों ने 3.24 लाख व 60 हजार रुपये के दो लोन भी ले लिए, जबकि उनके द्वारा ये लोन नहीं लिए गए थे। इसके बाद साइबर ठगों ने पहली बार में पांच लाख व दूसरी बार में 1.34 लाख रुपये उनके खाते से निकाल लिए। खाते से रुपये निकलने व कटने का उनके पास कोई मैसेज व ओटीपी भी नहीं आया था। इसके बाद वह बैंक पहुंचे और अधिकारियों से अपने खाते की जांच कराई।
जांच में उनके खाते से 6.34 लाख रुपये निकल चुके थे। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपना खाता बंद कराया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।