हापुड़। विदेश में नौकरी लगाने का झांसा देकर थाना देहात क्षेत्र के गांव सलाई की तीन लोगों ने गाजियाबाद के एक व्यक्ति से 4.50 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
जिला गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र के गांव ढबारसी निवासी फरमान ने बताया कि उसकी ससुराल थाना देहात क्षेत्र के गांव सलाई में है। उसकी मुलाकात इसरार से व शहजाद खान से हुई थी। दोनों ने बताया कि उनके कई राजनैतिक नेताओं से अच्छी जान पहचान है। आरोपियों ने विदेश भेजने की एवज में उससे 4.50 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी उसे लेकर नोएडा के गौर सिटी में रहने वाले हारुन के पास ले गए। हारुन ने बताया कि नई दिल्ली में उसकी कंपनी का कार्यालय है। जहां से वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। इन लोगों ने उसे एक कंपनी में नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। लेकिन बाद में उसे ठगी का पता चला। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि मामले इसरार, शहजाद और हारुन, रशीद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।