हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महेशपुरी राजीव विहार निवासी सुवर्णा शर्मा से साइबर ठगों ने मैट्रिमोनियल एप से उसका नंबर लेकर 4.10 लाख रुपये की ठगी कर ली। इसके बावजूद आरोपियों ने खुद को साइबर क्राइम डिपार्टमेंट से बताकर उससे 1500 रुपये और ठग लिए। मामले में एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
सुवर्णा शर्मा ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि जून 2025 में एक व्यक्ति ने संगम मैट्रिमोनियल एप पर उनकी प्रोफाइल से उनका मोबाइल नंबर ले लिया था। इसके बाद साइबर ठगों ने उससे संपर्क किया और उसका विश्वास जीतकर अपना नाम डॉ. पवन कुमार बताया। इसके बाद आरोपी ने बीती 03 अगस्त से 05 अगस्त के बीच में उन्हें अच्छे मुनाफे का झांसा देकर उनसे 4.10 लाख रुपये ठग लिए गए।
पीड़िता ने शिकायत करने के लिए एक सर्च इंजन पर साइबर क्राइम का पेज खोला तो उसमें दर्शाई गई ई-मेल आईडी पर पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसके पास विभिन्न नंबरों से फोन आए। जिसके बाद फोनकर्ता ने उसे बताया कि उसके खाते से 7,75,201 रुपये को होल्ड करा दिया गया है। इसके बाद साइबर क्राइम डिपार्टमेंट से किसी महिला कर्मचारी की कॉल उसके पास आई और बताया कि उसके खाते के लिए 1500 रुपये देने होंगे। इसके बाद उसके खाते में रुपये वापस आ जाएंगे। इस पर पीड़िता ने फोनकर्ता के खाते में 15 सौ रुपये ऑनलाइन भेज दिए। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया है। नंबरों के आधार पर साइबर ठगों की तलाश की जा रही है।
-