गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव सरुरपुर निवासी महिला के खाते से ठगों ने ऑनलाइन दो लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की।
गांव निवासी राबिया ने तहरीर देते हुए बताया कि उसका सिंभावली के गांव भोवापुर मस्ताननगर स्थित बैंक में खाता है। इसमें करीब ढ़ाई लाख रुपये थे। उसके बेटे ने देखा कि उनके खाते से ठगों ने दो लाख 40 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से निकाले हैं। महिला कहना है कि उन्होंने न तो कहीं से कोई खरीदारी की और न ही यूपीआई से किसी को भुगतान किया। वहीं, भुगतान होने के दौरान उन्हें बैंक द्वारा मोबाइल पर मिलने वाले संदेश भी प्राप्त नहीं हुए। बेटे ने खाते का बैलेंस चैक किया, तो इस बात की जानकारी हो सकी। पीड़िता ने कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर दी। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।