हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मणपुरा कविनगर निवासी नीरज कुमार के खाते से साइबर ठगों ने 1.52 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नीरज कुमार ने बताया कि उनका गढ़ रोड नवीन मंडी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में खाता है। इसी खाते से वह फोन पे चलाते हैं। दो सितंबर 2024 से 16 जनवरी तक उनके खाते से साइबर ठगों ने विभिन्न तारीखों में 1.49 लाख रुपये निकाल लिए। जिसकी जानकारी उन्हें नहीं हो पाई थी। 16 जनवरी को उनके खाते से तीन हजार रुपये निकालने जानकारी उन्हें हुई थी। उन्होंने बैंक जाकर अपना खाता बंद करा दिया था।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जानकारी की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।