हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड निवासी डॉ. डीके वशिष्ठ की पत्नी को साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बताकर झांसे में ले लिया। आरोपियों ने उनके खाते से दस लाख तीन हजार रुपये निकाल लिए। महिला की तहरीर पर थाना साइबर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चिकित्सक की पत्नी कुमकुम शर्मा एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी हैं। 30 मई की दोपहर लगभग दो बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपने आपको पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताया था। आरोपी ने बताया कि आप बैंक की सेवानिवृत्त अधिकारी रही हैं। आरोपी ने उन्हें बैंक से क्रेडिट कार्ड का ऑफर देने का झांसा दिया।
इसके बाद आरोपी ने उनके सभी खातों का क्रेडिट कार्ड बनाने की बात कही। आरोपी की बातों पर विश्वास कर उन्होंने अपना डेबिट कार्ड व ईमेल आईडी बता दी थी। इसके बाद आरोपी ने चार बार में उनके बैंक खातों से दस लाख तीन हजार रुपये की धनराशि निकाल ली। बैंक में जानकारी करने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ था। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।