सिंभावली। मुद्रा लोन लेने के लिए डाउनलोड किए गए एप से थाने में तैनात दरोगा ठगी का शिकार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
थाने में तैनात दरोगा श्रीकृष्ण ने तहरीर दी है। जिन्होंने बताया कि उन्होंने अपने फोन में प्रधानमंत्री मुद्रा लोन एप को डाउनलोड किया था। उसके डाउनलोड होने के बाद उन्हें एक युवती का फोन आया और उसने एप के बारे में जानकारी दी। उसके बाद युवती ने एप चालू रखने के लिए दो हजार रुपये का खर्चा बताया। उन्होंने दो हजार रुपये डाल दिए। उसके बाद उनको चार लाख रुपये का लोन पास होने की जानकारी दी गई। इसके बाद उसने बीमा करने के लिए भी अलग-अलग समय में कुल 13200 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। इसके बाद युवती ने फिर से कुछ और रुपये फाइल चार्ज के नाम पर मांगे।थाना पुलिस का कहना है कि साइबर क्राइम सेल की मदद से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।