धौलाना। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिलखुवा-धौलाना मार्ग स्थित महाराणा मार्केट के सामने तेज रफ्तार कैंटर ने बच्चे को रौंद दिया। इसमें बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित भीड़ ने कैंटर चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
गांव इकलैड़ी निवासी हरिओम सिसौदिया चार साल से अपने परिवार के साथ धौलाना में महाराणा मार्केट के सामने वाली गली में रहते हैं। सोमवार शाम छह बजे वह अपने चार वर्षीय पुत्र गौरांश को साथ लेकर अपनी मोबाइल की दुकान से सड़क पर गए थे। इस दौरान उनके पुत्र ने उनका हाथ पकड़ रखा था। इसी बीच तेज रफ्तार कैंटर ने उनके पुत्र को टक्कर मार दी। इसमें उनके पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वह बाल-बाल बच गए। हादसे देख गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए कैंटर से उतरकर भाग रहे चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर सीओ अनीता चौहान, थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया। आरोपी चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि हरिओम के एक पुत्र की पहले ही बीमारी से मौत हो गई थी।
सीओ ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया है। हालांकि हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।