संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। विदेश में नौकरी करने के इच्छुक लोगों को झांसा देकर उनके फर्जी कागजात बनाने वाले चार आरोपियों को बाबूगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से नौ पासपोर्ट, सात ड्राइविंग लाइसेंस, छह मोबाइल, 36 हजार की नगदी व कार बरामद की है। पासपोर्ट के सत्यापन के लिए पासपोर्ट कार्यालय से जानकारी मांगी जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि मुखबिर द्वारा कुछ दिन पूर्व उन्हें सूचना दी गई थी कि गांव सरावनी में कुछ लोग फर्जी कागज तैयारकर लोगों को नौकरी के लिए विदेश भेज रहे हैं। सूचना पर थाना पुलिस टीम उक्त लोगों की जांच में जुटी थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुजाहिद पुत्र अबरार अहमद निवासी तोड़ी सात विशा थाना भोजपुर गाजियाबाद, मोहम्मद मजाहिर पुत्र फुरकान निवासी गांव खंदरावली थाना किठौर मेरठ, इबरार अंसारी उर्फ अबरार पुत्र अब्बास अंसारी निवासी जाकिर नगर गली नंबर-18 थाना न्यू फ्रेंड्स कालोनी साउथ दिल्ली व असद पुत्र महबूब निवासी गांव असीलपुर थाना किठौर मेरठ को गांव सरावनी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें असद, जुबेर निवासी उत्तरी दिल्ली, इलियास, शहजाद निवासी गांव मुरादपुर सिंभावली व लियाकतअली निवासी मुंबई फिलहाल फरार है।
थाना प्रभारी ने बताया कि हालांकि अभी ऐसा कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है कि फर्जी दस्तावेज से कोई विदेश में नौकरी के लिए गया हो। इनके पास से बरामद लाइसेेंस नकली हैं, पासपोर्ट का भी सत्यापन कराया जा रहा है कि ये नकली हैं या असली। गिरोह के बाकी सदस्यों की जांच की जा रही है।