जिले में शनिवार को ठंड से चौथी मौत हो गई, लेकिन प्रशासन इन मौतों का कारण बीमारी बता रहा है। शनिवार को बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव निवासी 40 वर्षीय इजलाल अहमद ने ठंड के कारण दम तोड़ दिया।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव मुहम्मदपुर रुस्तमपुर में रहने वाला 40 वर्षीय इजलाल अहमद मजदूरी करता था। उसकी पत्नी ताहिरा और भाई इकबाल खां का कहना है कि एक सप्ताह पहले इजलाल को ठंड लग गई थी।
उसे गांव के ही चिकित्सक से दवा दिलाई कई थी, जिससे आराम भी मिला था। शनिवार तड़के अचानक तबियत बिगड़ने के बाद इजलाल ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि इजलाल के पांच नाबालिग बच्चे हैं।
गरीबी के कारण वह पक्का मकान तक नहीं बनवा पाया था। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शासन स्तर से हरसंभव मदद और सरकारी योजना के तहत पक्का आवास दिलाने की गुहार लगाई है।