हापुड़। बुधवार की दोपहर गढ़ रोड पर चौकड़ायत मार्केट का जर्जर छज्जा और रेलिंग भरभराकर गिर गया। इस दौरान पांच दुकानों और क्लीनिक के बाहर खड़े चार लोगों के ऊपर छज्जे का मलबा व रेलिंग गिर गई। इसमें, दो लोगों को गंभीर चोट आई है। दोनों का बुलंदशहर रोड स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा है। जबकि, कुछ दुकानदार व अन्य लोग बाल-बाल बच गए। वहीं, मामले में पुलिस जांच करने पहुंची,हालांकि, किसी की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित चौकड़ायत मार्केट शहर के व्यस्तम बाजारों में से एक है। इस मार्केट में बाहर और ऊपर की तरफ दुकानें बनी हुई हैं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि मार्केट का निर्माण कई साल पहले हुआ था। इस कारण यह जर्जर हालत में भी है। इसके रख-रखाव पर लंबे समय से ध्यान नहीं दिया जा रहा था। शिकायत के बाद भी कोई मरम्मत कार्य नहीं कराया गया।
बता दें कि अभी मार्केट के एक हिस्से में पांच दुकान और एक आंखों की जांच का क्लीनिक चलता है। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक पहले छज्जे के आगे लगी लोहे की रेलिंग और उसके बाद छज्जे का मलबा बड़ी मात्रा में गिरा। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय 20 से अधिक लोग छज्जे के नीचे और आसपास खड़े थे, इनमें से अधिकतर लोग अपनी आंखों की जांच कराने आए थे। गर्मी होने के कारण चिकित्सक ने मरीजों के साथ आए तिमारदारों को क्लीनिक के बाहर पेड़ की छांव के नीचे रखी बैंच पर बैठकर इंतजार करने की सलाह दी थी। इस बीच अचानक रेलिंग और छज्जे का मलबा गिरने से नीचे खड़े गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव सरूरपुर निवासी मुजरत अली, बुलंदशहर जनपद के गुलावठी क्षेत्र के एक गांव निवासी रमन, गांव दतियाना निवासी गजेंद्र सिंह व दीपक सिंघल मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। रेलिंग व छज्जा गिरते ही मौके पर भगदड़ मच गई। दुकानदारों और आसपास खड़े लोगों ने जैसे-तैसे कर खुद को बचाया। हादसे में मुजरत अली और रमन गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें बुलंदशहर रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके सिर के अलावा कमर में भी चोट लगी है। जबकि, अन्य घायलों का उपचार अन्य अस्पतालों में कराया गया है। मामले में सीओ जितेंद्र शर्मा का कहना है कि अभी किसी घायल व अन्य व्यक्ति की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
विद्युत लाइन टूटने से गुल हो गई बिजली
हादसे के दौरान यहां से गुजर रही विद्युत लाइन भी टूट गई। गनीमत रही कि हाइटेंशन तार नहीं टूटे। अन्यथा, कोई बड़ा हादसा हो सकता था। तार टूटने के कारण इस क्षेत्र की बिजली करीब तीन घंटे तक बाधित रही।
नगर पालिका के सर्वे पर सवाल
पिछले दिनों मेरठ में हादसे के बाद नगर पालिका ने शहर में 100 वर्ष पुराने बने जर्जर भवनों का सर्वे करते हुए 15 से अधिक भवन स्वामियों को नोटिस दिए थे। इसके बाद नगर पालिका के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई तक नहीं की। यही कारण है कि एक भी जर्जर भवन न तो लोगों ने स्वयं ढहाया है और न ही उनकी मरम्मत कराई है।
कोट -
नगर पालिका से संबंधित भवन के निर्माण की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- संदीप कुमार, एडीएम