वाहनों का दबाव बढ़ने और बेतरतीब पार्किंग के कारण सोमवार को शहर के लोग चार घंटे तक भीषण जाम से जूझते रहे। चिलचिलाती धूप और लू ने राहगीरों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया। सुबह से लेकर दोपहर तक शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर यही हालात रहे।
जाम से मुक्ति दिलाने के प्रशासनिक दावे हर जगह फेल दिखे। सोमवार को दिन निकलते ही शहर में वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। करीब 9 बजे तहसील चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। देखते ही देखते चौराहे से जुड़ने वाले प्रत्येक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
भीषण गर्मी के कारण लोगों को जाम में फंसकर रुकना भारी पड़ रहा था। पुलिस कर्मियों को भी व्यवस्था बनाने में कड़ी मशक्कत करनी पडी़। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर करीब एक बजे जाम की स्थिति सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। टीएसई योगेंद्र मलिक ने बताया कि सोमवार को सप्ताह का प्रथम कार्य दिवस होने के कारण वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। इसके चलते जाम लगता है। समस्या के समाधान के लिए योजना बनाई जा रही है।
उधर, ज्येष्ठ दशहरा मेले और सिक्स लेन हाईवे निर्माण के चलते सोमवार दोपहर एक बार फिर नेशनल हाईवे की रफ्तार थम गई। भीषण गर्मी में डूहरी पेट्रोल पंप के पास करीब ढाई घंटे लोग जाम में फंसे रहे।
इन दिनों पिलखुवा में सिक्स लेन हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। साथ ही गढ़मुक्तेश्वर में ज्येष्ठ दशहरा के मेले में लोग स्नान के लिए जा रहे हैं। ऐसे में हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और जाम लगना शुरू हो गया।
जाम में फंसकर वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। पुलिस ने किसी तरह करीब ढाई बजे जाम खुलवाया। इसके बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली। कोतवाल दीपक त्यागी ने बताया कि वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम लगा था।
यह हैं जाम के पांच बड़े कारण
* सड़कों किनारे खड़े बेतरतीब वाहन।
* दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण।
* ई-रिक्शा।
* थ्री व्हीलर, ई-रिक्शा चालकों द्वारा अवैध पार्किंग।
* सड़कों पर लगे फल, सब्जियों के ठेले।
जाम से मुक्ति दिलाने को यह बने हैं प्लान
* ई-रिक्शों को रंगों का कोड देकर निर्धारित मार्गों पर चलाया जाएगा।
* सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा।
* थ्री व्हीलरों के पार्किंग व संचालन के लिए स्थान निर्धारित किया जाएगा।
* सब्जी व फल के ठेले लगाने को स्थानों का निर्धारण किया जाएगा।
* अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा।
जाम से निजात दिलाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। पूर्व में बनी योजनाओं को सम्मलित कर नया प्लान तैयार किया जा रहा है। जल्द ही जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल जाएगी। कृष्णा करुणेश, जिलाधिकारी