हापुड़। मौसम के बदलते मिजाज से सुबह और शाम की ठंड बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री गिरकर आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
फरवरी का आधा माह बीतने के बाद से मौसम का रुख बदला-बदला दिखाई दे रहा है। कभी तेज धूप खिल रही है तो कभी तेज हवाएं चल रही हैं। बुधवार को सुबह कोहरा छा गया। लेकिन बृहस्पतिवार सुबह मौसम साफ रहा और चटक धूप खिली, लेकिन तेज हवाएं चलती रहीं। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान बुधवार के मुकाबले एक डिग्री गिरकर 25 डिग्री व न्यूनतम तापमान चार डिग्री गिरकर आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ.अशोक कुमार का कहना है कि इस सप्ताह मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। कभी तेज धूप खिलेगी तो कभी बादल छाए रहेंगे। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।