बाबूगढ़। थाना पुलिस ने शनिवार की दोपहर कुचेसर चौपला फ्लाईओवर के पास बस रुकवाकर चालक के साथ मारपीट करने के मामले में चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद किया है।
थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव देहपा निवासी पंकज सैनी ने दर्ज रिपोर्ट बताया कि शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे उनकी बस यात्रियों को लेकर आंवला से दिल्ली जा रही थी। आरोप है कि कुचेसर चौपला फ्लाईओवर के पास पहुंचने पर एक कार ने ओवरटेक कर उनकी बस को रोक दिया। इसके बाद कार सवार नाजिम, अकदस, शाकिर व शोएब निवासी गांव अठसैनी ने गाली गलौज करते हुए बस चालक मनीष निवासी वजीरगंज जिला बदायूं को जमकर पीटा। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। आरोपी आए दिन तमंचा दिखाकर बस चालक को आने जाने में काफी परेशान करते हैं।