हापुड़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को हाईवे 9 पर डिलीवरी करने वाले वाहनों से 16 नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील सिंह ने बताया कि टीम ने छिजारसी टोल पर चौधरी डेयरी के वाहन से गाय का दूध और मिश्रित दूध, टोल पर ही जनता डेयरी पिलखुवा के ई-रिक्शा से क्रीम, मतनौरा निवासी अंकुर मावी के वाहन से गाय का दूध व मिश्रित दूध, ढबारसी रोड गालंद में एक ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी के वेयर हाउस से शमा का चावल के दो, ऑर्गेनिक मूंगफली, रॉक साल्ट, मूंगफली, कुट्टू के आटा के दो, सेंधा नमक का एक और ढबारसी रोड गालंद धौलाना पर रावत हॉस्पीटेलिटी प्राइवेट लिमिटेड से अचार, छोले की तैयार सब्जी और गुलाब जामुन का एक-एक नमूना लिया है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गुप्ता, आरपी गंगवार, सोवेंद्र सिंह पंघाल, प्रियंक श्रीवास्तव, सहरिश सादात आदि मौजूद रहे।