हापुड़। पिछले तीन दिन से हो रही बारिश से जहां शहर और गांवों में जलभराव है, वहीं मेरठ-खुर्जा रेलवे लाइन पर बने अधिकतर अंडरपास भी तालाब बन गए हैं। जिले के करीब 30 गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है और लोगों को कई-कई किलोमीटर घूमकर गांवों तक पहुंचना पड़ रहा है।
जलभराव की स्थिति यह है कि शहर और देहात में जगह-जगह तालाब उफना गए हैं। रास्तों और घरों में पानी भरा हुआ है। यही स्थिति रेलवे अंडरपास की है। मेरठ से खुर्जा तक रेलवे लाइन के बीच कुल 40 अंडरपास हैं, जबकि हापुड़ क्षेत्र के आसपास के गांवों में करीब 15 अंडरपास पड़ते हैं, जिनसे करीब 50 गांवों की कनेक्टिविटी है। ऐसे में आफत की बारिश से रेलवे क्रॉसिंग के पास बने अंडरपास भी डूबे दिए हैं। पिछले दो दिन से मेरठ-खुर्जा ब्रांच लाइन के अधिकतर अंडरपास जलमग्न हैं।
हाफिजपुर क्षेत्र के महमूदपुर गांव के अंडरपास, अधिकतर में पानी भरा है। जलभराव होने से करीब 30 गांवों के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहन सवारों को जलभराव के बीच से ही होकर आना जाना पड़ रहा है। महमूदपुर निवासी सतेंद्र चौधरी, जितेंद्र सिंह ने बताया कि सालों से ग्रामीण जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम खराब पड़े हुए हैं, इन्हें ठीक नहीं कराया गया है।
कोट -
बारिश के बाद सभी अंडरपास का सर्वे कराया जाएगा, यदि वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम दुरुस्त नहीं हैं तो उनकी मरम्मत कराकर इन्हें चालू कराया जाएगा। लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।-अनिल कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य , रेलवे।