बुलंदशहर रोड स्थित मुख्य डाकघर से जुड़े पांच डाकघरों को बहुत जल्द ऑनलाइन किया जाएगा। इन डाकघरों के ऑनलाइन होने से लोगों का कम समय में काम हो जाएगा। बुलंदशहर रोड पर मुख्य डाकघर स्थित है।
इस डाकघर से चार उप डाकघर जुड़े हुए हैं। उपडाक घरों में से अधिकांश डाकघर तो पहले ही ऑनलाइन कर दिए गए थे। शेष बचे डाकघर को मुख्यालय द्वारा जल्द ऑनलाइन करने का कार्य किया जा रहा है।
पोस्टमास्टर सुबहान अली ने बताया कि ज्ञानलोक, किशन गंज, कुचेसर चौपला, बहादुरगढ़ के साथ गढ़मुक्तेश्वर टाउन डाकघरों पर मुख्य डाकघर से कंप्यूटरों को भेजा जा चुका है। कंप्यूटरों में इंटरनेट जोड़ने के लिए संबंधित डाकघर को बीएसएनएल से ब्राडबैंड कनेक्शन स्वयं ही लेना होगा।
इंटरनेट कनेक्शन चालू होते ही सभी डाकघर मुख्य डाक से जुड़ जाएंगे। उन्होंने बताया कि डाकघर के ऑनलाइन होने से ज्ञानलोक, किशनगंज, कुचेसर चौपला, बहादुरगढ़ और गढ़ मुक्तेश्वर क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इन डाकघरों में उपभोक्ताओं की कुछ समस्याओं का हल न होने पर उन्हें मुख्य डाकघर पर ही आना पड़ता था, लेकिन अब पांच डाकघर के ऑनलाइन होने से उपभोक्ताओं की स्पीड पोस्ट, मनी ट्रांसफर आदि समस्याओं का समाधान वहीं कर दिया जाएगा।