पुलिस ने पकड़े ट्रांसफार्मर चोरी करने के आरोपी। स्रोत पुलिस
हापुड़। थाना सिंभावली व बहादुरगढ़ पुलिस ने संयुक्त रूप से ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया हुआ करीब एक क्विंटल कॉपर कॉइल, चोरी करने के उपकरण, अवैध असलहा व घटना में प्रयुक्त दो कार बरामद की हैं।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने आसिफ निवासी महपा रोड सिवाल खास, आसमोहम्मद उर्फ आशु निवासी नानू जिला मेरठ, समीर निवासी रसूलपुर सिकरोडा, मोहम्मद आरिफ निवासी दिल्लीगेट द्वारकापुरी जस्सीपुरा व शाहिद निवासी नंदग्राम जिला गाजियाबाद को गांव हिम्मतपुर से गंगा एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी पहले जंगल में नलकूपों के पास लगे ट्रांसफार्मरों की रेकी करते। इसके बाद मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
इसी तरह आरोपी पिछले एक माह में जिला हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद व अमरोहा में करीब 27 ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी घटनाओं को अंजाम देकर ट्रांसफार्मर के उपकरणों को अपनी दो कारों के माध्यम से चोरी कर आसानी से फरार हो जाते हैं। आरोपी शातिर किस्म के विद्युत तार चोर भी हैं।
आरोपियों पर विभिन्न थानों में दर्ज हैं कई मुकदमे
एसपी ने बताया कि आरोपी आसिफ व मोहम्मद आरिफ पर जिला हापुड़, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद व मेरठ के विभिन्न थाने में करीब 26-26 और आरोपी समीर व आस मोहम्मद पर 27-27 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आसपास के जिलों से आरोपी शाहिद का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।