पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शमशाद रोड पर गाड़ी की साइड देने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पांच लोग घायल हुए। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं मिलने पर उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार की ओर से दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की सुबह शौएब की दुकान के पास झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि डबरिया मोहल्ले के सौरभ, विकास, प्रशांत और तुषार का अर्जुन नगर के हर्ष तोमर, अभिषेक, प्रशांत, दीपांशु और हिमांशु से गाड़ी की साइड देने को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई और गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे को भुगत लेने की धमकी दी गई। मारपीट में सौरभ, विकास, अभिषेक, प्रशांत और दीपांशु घायल हुए। पुलिस ने सभी का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों पक्ष एक-दूसरे से बदला लेने की फिराक में हैं, जिससे शांति भंग और बड़ी घटना की आशंका है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।