गांव हशुपुर में मकान गिरने के बाद मौजूद ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
गढ़मुक्तेश्वर। गांव हशुपुर में रविवार को बारिश के कारण पांच मकान भरभराकर ढह गए। मकान गिरने के दौरान परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान परिवारों के सदस्य तुरंत ही बाहर निकल गए। इसके चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना में किसी के चोट आने की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के कारण मकानों की दीवारें और अन्य हिस्से कमजोर हो गए थे। पांचों मकान बराबर में बने हुए थे। शनिवार और रविवार को रुक-रुककर होती रही बारिश के कारण अचानक शेर खां के मकान के कमरे की छत गिरी। जिसे देखकर दूसरे कमरों में मौजूद परिजन बाहर निकल आए। वहीं, पड़ोसी परिवारों के लोग भी अपने-अपने घरों से बाहर आ गए। इसके बाद पड़ोस के अन्य चार मकान भी ढह गए। हादसे में शेर खां, नफीस, नजराना, अनवरी और महेश को काफी नुकसान हुआ है। उनके घरों में रखा लगभग सभी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मकान गिरने से हुए नुकसान का आंकलन कराकर शासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। पीड़ितों ने कहा कि बारिश के कारण उनके परिवारों के सामने रहने और बचे हुए घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है। सभी ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद नायब तहसीलदार वेदप्रकाश सोनी राजस्व निरीक्षक और लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे। राजस्व टीम ने मकान गिरने से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और स्थिति की जानकारी ली।
नायब तहसीलदार वेदप्रकाश सोनी ने बताया कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया है। रिपोर्ट तैयार कर हर संभव मदद का प्रयास किया जाएगा।