हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव श्यामनगर फाटक के पास कार सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व सभासद शशि मुंजाल पर फायरिंग कर दी। इसमें वह बाल-बाल बच गए। पूर्व सभासद की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला कलक्टर गंज निवासी पूर्व सभासद शशि मुंजाल ने बताया कि उसकी परिचित सरलेश अग्रवाल निवासी दिल्ली का गाजियाबाद कौशांबी के राधा किशना लैब के पास फ्लैट है। इस पर दिल्ली-गाजियाबाद बार्डर के रामप्रस्थ निवासी सौरभ मोंगा ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। आरोपी फ्लैट में अपने अवैध धंधे संचालित कर रहा है। फ्लैट खाली करवाने के लिए वह सरलेश के परिजनों के साथ सौरभ मोंगा के पास गया था। इस पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
22 जून की दोपहर वह प्रीत विहार से श्यामनगर गांव की ओर जा रहा था। जैसे वह फाटक के पास पहुुंचा तो कार सवार तीन नकाबपोश लोगों ने उसे रोक लिया और जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग कर दी। इसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सौरभ मोंगा व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।