थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ततारपुर बाईपास पर शनिवार दोपहर एक चलती कार में शार्ट सर्किट से आग लग गई। कार में सीएनजी लगी हुई थी। कार सवार ने आनन फानन में कार से उतरकर अपनी जान बचाई।
सूचना के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इससे करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। जानकारी के मुताबिक बीबीनगर निवासी मनीष चार वर्षीय बेटे के साथ शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे कार से गाजियाबाद जा रहा था।
जैसे ही वह हापुड़ में ततारपुर बाईपास के पास पहुंचा तो अचानक शार्ट सर्किट होने से कार में धुआं निकलने लगा। इस पर मनीष ने आनन फानन में कार रोक दी और बच्चे के साथ नीचे उतर गया। कार में सीएनजी किट लगी हुई थी।
देखते ही देखते कार में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे हाईवे से गुजर रहे वाहनों के पहिये थम गए। सूचना मिलने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
करीब आधे घंटे बाद पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवाया। उधर, थाना प्रभारी सुधीर कुमार का कहना है कि कार में वैध सीएनजी किट लगी हुई थी। अचानक शार्ट सर्किट से आग लगी थी।