गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर में सांड की टक्कर लगने से एक बाइक सवार घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जिसके बाद उसके परिजन उपचार के लिए साथ ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
बुलंदशहर के स्याना निवासी शिवम (25) पुत्र लोकेश बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में डहरा कुटी पर किराना की दुकान करता है। परिजनों ने बताया कि वह रोजाना की तरह सोमवार की देर शाम दुकान बंद कर बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही अल्लीपुर के पास स्याना रोड पर पहुंचा, तो अचानक सामने सांड आ गया। सांड ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया और उसके परिजनों को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे परिजन शिवम को साथ ले गए और बुलंदशहर में उपचार कराया, जहां उपचार के दौरान शिवम ने दम तोड़ दिया। अल्लीपुर के ग्रामीणों ने कहा कि निराश्रित पशुओं की टक्कर लगने से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन कोई समाधान निकालने को तैयार नहीं है। जिसका खामियाजा किसानों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। थानाध्यक्ष हरि कुमार का कहना है कि युवक को स्थानीय अस्पताल में उपचार दिला दिया गया था। जिसके बाद परिजन युवक को साथ लेकर चले गए थे। सूचना मिली है कि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।