गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ गांव में सेहल चौराहे पर वैल्डिंग कराने के दौरान दूध के खाली टैंकर में आग लग गई। जिससे कैंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। वहीं, दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
गांव के निकट स्थित डेयरी में आसपास के क्षेत्र से दूध की आपूर्ति होती है। इसमें क्षेत्र के विभिन्न लोगों ने दूध के टैंकर लगाए हुए हैं। शुक्रवार की शाम चालक डेयरी में टैंकर खाली कर बाहर आया। जिसके बाद कुछ दिक्कत होने के कारण वह टैंकर को गांव के सेहल चौराहे पर वैल्डिंग की दुकान पर ले गया। जहां पर वेल्डर ने वैल्डिंग करना शुरू कर दिया। इसी दौरान अचानक वाहन के डीजल टैंक में आग लग गई। आग तेजी से फैली और टैंकर को चपेट में ले लिया। आग की लपटे उठती देखकर आसपास मौजूद लोग वहां से भाग निकले। लेकिन कुछ देर बाद एकत्र होकर आग बुझाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन इस दौरान वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।