पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र के धौलाना मार्ग स्थित स्क्रैप फैक्टरी में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई। प्लास्टिक और पॉलीथिन में लगी आग के कारण आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला किशनगंज निवासी आरिफ की धौलाना रोड पर मैनकाइंड वेयर हाउस के सामने स्क्रैप फैक्टरी है। शनिवार दोपहर किन्ही कारणों से फैक्टरी में रखी पॉलीथिन, प्लास्टिक आदि स्क्रैप में आग लग गई। कुछ ही देर आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया। इससे वहां मौजूद लोगों ने अफरा तफरी मच गई। आग लगने की सूचना कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि आग पर टीम ने जल्द काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने का कारण सामने आया है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।