धौलाना। थाना क्षेत्र के अंतर्गत यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र फेज थ्री स्थित एक नामचीन कंपनी में रविवार की शाम को अचानक आग लगने से भगदड़ मच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में फेज थ्री में एएन वन स्थित एक ट्रांसफार्मर व स्टेपलाईजर व बिजली के अन्य सामान बनाने की सर्वोकान सिस्टम्स लिमिटेड कंपनी है। कंपनी में आग लगने की सूचना पर चौकी प्रभारी पंकज शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना फायर स्टेशन की पिलखुवा यूनिट को दी। कंपनी संचालक कमरुद्दीन खां ने बताया कि रविवार के दिन अधिकांश कर्मचारी अवकाश पर रहते हैं। कंपनी के एक कोने में अचानक आग लगने पर कंपनी में लगे अलार्म बजने लगे थे। कंपनी कर्मचारियों ने मशक्कत कर यहां लगे फायर सिस्टम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग अपना विकराल रूप धारण कर चुकी थी। फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने मौके पर पहुंचे कर स्थिति पर काबू पाया और आग को बुझा दिया। बताया जा रहा है कि कंपनी में तैयार रखा माल जलकर नष्ट हो गया है। कंपनी संचालक ने अभी नुकसान होने की पुष्टि नहीं की है। वहीं, अभी आग के लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। एफएसएसओ सचिन कुमार के कुशल नेतृत्व में आग पर पूर्ण रुप से काबू पा लिया गया है।