गढ़मुक्तेश्वर। नगर निवासी युवक ने महिला पर उसके भाई को प्रेम जाल में फंसाकर रंगदारी मांगने और जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला मिर्धापाडा निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि उनके 32 वर्षीय भाई रिंकू को करीब दो साल पहले मोहल्ला उपाध्याय नगर निवासी शादीशुदा महिला सीमा बालियान ने अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। सीमा बालियान ने रिंकू से लाखों रुपये हड़प लिए। जनवरी 2023 में महिला ने रिंकू के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में फर्जी रिपोर्ट दर्ज कर दी। इस मामले में उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जमानत पर जेल से आने के बाद सीमा और उसके साथियों अजंली, मुकेश, नरेंद्र सिंह, राजेश निवासी मोहल्ला रिफ्यूजी कॉलोनी के साथ मिलकर मुकदमा खत्म करने के लिए उसके भाई से 10 लाख रुपये की मांग की।रुपये देने से इन्कार करने पर आरोपियों ने रिंकू को जहरीला पदार्थ खिला दिया। रिंकू को हापुड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।