संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। नगर पालिका में टैक्स लिपिक द्वारा लाखों रुपये के गबन किए जाने के मामले में नगर पालिका अधिकारियों की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत करने वालों को सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। इसको लेकर शिकायतकर्ता आक्रोशित हैं। सभासदों ने मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही है।
छह महीने पूर्व नगर पालिका के टैक्स लिपिक रोहित चौहान ने लोगों की रसीद काटने के बाद भी सरकारी धनराशि नगर पालिका के खाते में जमा नहीं की। इसको लेकर शिकायत शुरू हुईं, तो चेयरमैन ने तत्काल प्रभाव से लिपिक को निलंबित कर दिया। लेकिन अधिकारियों ने इस संबंध में मिली शिकायतों को ठंडे बस्ते में डाल दिया। अधिकारियों की इस तरह की कार्यशैली को लेकर अब शिकायतकर्ताओं के साथ ही पालिका सभासदों ने भी हुंकार भरी है। नगर पालिका में हो रहे भ्रष्टाचार, रुके हुए विकास कार्य एवं जनता की नाराजगी को लेकर सभी सभासद शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंटकर मामले से अवगत कराएंगे। सभासद अरुण गौड़ का कहना है कि सीएम से मिलने के लिए रुपरेखा तैयार की जा रही है। जल्द ही सीएम से मिलकर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार और अन्य मामलों की शिकायत की जाएगी।