हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के आनंद विहार स्थित एक निजी अस्पताल के पास अधिवक्ता की कार टकराने के मामले में एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आबकारी निरीक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
अधिवक्ता कौशल शिशौदिया ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 23 अगस्त की दोपहर वह कार में सवार होकर अपने बहनोई अर्जुन राघव के साथ शिवगढ़ी से आनंद विहार होते हुए घर लौट रहे थे। आनंद विहार स्थित एक अस्पताल के पास पहुंचने पर पीछे से आ रही दूसरी कार के चालक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। दूसरी कार का चालक नीचे उतरकर उनकी कार के पास पहुंचा और उनके साथ गाली गलौज कर अभद्रता करने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने खुद को आबकारी निरीक्षक हिमांशु कर्दम बताया था। आरोपी ने उनके साथ अभद्रता और गाली गलौज की। इसके बाद वे अपने बहनोई के साथ कोतवाली पहुंचे और शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने एसपी से मामले की शिकायत की। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश पर आबकारी निरीक्षक हिमांशु कर्दम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आबकारी निरीक्षक हिमांशु कर्दम का कहना है कि उन्हें फिलहाल मामले की जानकारी नहीं है।