सिंभावली। फाइनेंस कंपनी की 24 हजार रुपये लेकर पूर्व कर्मचारी फरार हो गया। कंपनी के शाखा प्रबंधक ने एसपी के निर्देश पर थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुनील कुमार ने एसपी के निर्देश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि वह फाइनेंस कंपनी में शाखा प्रबंधक के तौर पर काम करते हैं। कंपनी का शाखा कार्यालय गढ़ नगर के मोहल्ला उपाध्याय नगर में स्थित है। शाखा प्रबंधक का कहना है कि जनपद मेरठ के गांव भोला निवासी सचिन चौधरी कंपनी में एफएलएस के पद पर नियुक्त किया गया था। उसका काम उपभोक्ताओं के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर उनके ऋण आवेदन स्वीकार कर अपलोड करना था, लेकिन आरोपी ने उपभोक्ताओं से अवैध रूप से किस्त वसूलना शुरू कर दिया। जिसकी जानकारी होने पर उसे चेतावनी भी दी गई। इसके बावजूद आरोपी ने अपनी कार्यप्रणाली नहीं बदली, तो उसे कंपनी से निकाल दिया गया। फिर भी आरोपी सिंभावली क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर खुद को कंपनी का कर्मचारी बताता रहा और उपभोक्ताओं से किस्त की वसूली में लगा रहा। इस तरह आरोपी ने करीब 24 हजार दो सौ रुपये की रकम अवैध रूप से हड़प ली। इस संबंध में उन्होंने गढ़ कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। जिस कारण उन्हें एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि एसपी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराते हुए आरोपी की तलाश कराई जा रही है।