सिंभावली। घर के बाहर पटाखे जलाने से रोकने पर शुक्रवार की रात क्षेत्र के गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया, वहीं दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव भी किया। एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग का भी आरोप लगाया है। घटना में एक पक्ष से दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने 14 नामजद समेत उनके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तनाव को देखते हुए में मोहल्ले में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि दिवाली पर शुक्रवार की रात कुछ लोग गली में पटाखे जला रहे थे, तो बेटे ने उन्हें अपने घर के सामने पटाखे जलाने से मना किया। आरोपी उसके परिवार से रंजिश रखते हैं, जो हमेशा उनके परिवार से विवाद करने की कोशिश करते रहते हैं। पटाखे जलाने से रोकने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके बेटे पर तमंचे से फायर कर दिया, जिससे वह बाल-बाल बचा। जिसके बाद आरोपियों ने तमंचे की बट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी उसके घर में घुस आए। जिन्होंने दूसरे बेटे पर भी जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। वहीं उनकी बहुओं की भी पिटाई की। उसके दोनों बेटों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर 14 नामजद व उनके साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 76, 191(2), 191(3), 190, 109, 115(2), 333, 324(4), 352, 125, 351(2), 351(3), जानलेवा हमला, घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।