गढ़मुक्तेश्वर। गांव सादुल्लापुर में घर की छत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के चार केबल और विद्युुत कनेक्शन को लेकर दो पक्षोंं में विवाद चल रहा है। एक पक्ष ने विद्युत कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया हुआ है। बुधवार की शाम संविदाकर्मी कनेक्शन लगाने के लिए पहुंचा। लेकिन इस दौरान घर के ऊपर से जा रहे चार केबल को हटाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। ग्रामीणों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। वहीं ऊर्जा निगम के कर्मचारियों का कहना है कि उनके साथ भी अभद्रता की गई। इस दौरान लाइन में फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। लाइनमैन ने फाल्ट को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के विवाद के कारण काम रोकना पड़ा। सूचना के बाद ऊर्जा निगम के जेई भी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। जिसके चलते गांव के करीब 50 घरों की बिजली आपूर्ति रात के समय ठप हो गई। एसडीओ अंकित कुमार का कहना है कि इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई है। दोनों पक्षों को समझाबुझा कर लाइन को चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है।